खंडवा। शहर में ‘गौरव दिवस’ के तहत आयोजित मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने रविवार को उत्सव का माहौल बना दिया। मैराथन में महापौर अमृता यादव, नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, एसडीएम ऋषि कुमार सिंघई और नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद व अधिकारी शामिल हुए।
खंडवा गौरव दिवस: मैराथन में उमड़ा जनसैलाब, जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान जुंबा डांस ने युवाओं में खासा उत्साह भरा। मैराथन से पहले और बाद में बड़ी संख्या में प्रतिभागी संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए, जिससे पूरा आयोजन उत्सव में तब्दील हो गया। कार्यक्रम का संचालन संदीप जोशी ने किया।
गौरव दिवस के तहत 2 से 4 अगस्त तक शहर में विभिन्न सांस्कृतिक, खेल और संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रविवार को ‘वॉइस ऑफ खंडवा’ गायन प्रतियोगिता का फाइनल होगा। 3 अगस्त को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, चित्रकला प्रतियोगिता, फूड फेस्टिवल और ऑर्केस्ट्रा आयोजित होंगे। 4 अगस्त को किशोर कुमार की समाधि पर पुष्पांजलि और स्वरांजलि दी जाएगी, इसके बाद शाम को ‘किशोर नाइट’ का आयोजन होगा।
इस मौके पर प्रसिद्ध गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी अपनी प्रस्तुतियां देंगे, वहीं पार्श्वगायक विनोद राठौर को ‘किशोर सम्मान’ से नवाजा जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन संगीत, संस्कृति और खंडवा की समृद्ध विरासत को समर्पित रहेगा।