खंडवा। खंडवा कोतवाली पुलिस ने ‘ऑपरेशन खोज’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2015 के अपहरण और गैंगरेप के मामले में पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे ₹3 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मनीष पिता सखाराम एंकले (33 वर्ष), निवासी चंपा तालाब, खंडवा है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में एक नाबालिग पीड़िता के अपहरण, दुष्कर्म और धमकी देने का मामला कोतवाली थाने में दर्ज किया गया था।
मामले में अपराध क्रमांक 139/2015 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366, 376, 506, 34 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था,
खंडवा पुलिस ने लगातार मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। आखिरकार 10 साल बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन खोज’ के तहत फरार आरोपियों, महिला संबंधी अपराधों, संपत्ति संबंधी अपराधों और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य, प्रधान आरक्षक रफीक खान एवं आरक्षक अनुराग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
