बुरहानपुर में ताप्ती नदी उफान पर, खतरे के निशान से ऊपर बहा पानी; हाई अलर्ट जारी

बुरहानपुर में ताप्ती नदी उफान पर, खतरे के निशान से ऊपर बहा पानी; हाई अलर्ट जारी

बुरहानपुर में ताप्ती नदी उफान पर, खतरे के निशान से ऊपर बहा पानी; हाई अलर्ट जारी

बुरहानपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बुरहानपुर में ताप्ती नदी उफान पर पहुंच गई है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से नदी एवं निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

बढ़ते जलस्तर के कारण लाल देवल क्षेत्र पानी में डूब गया है, जबकि जैनाबाद का संपर्क भी प्रभावित हो गया है। राजघाट सहित संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर रोक लगाई गई है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

संभावित आपदा से निपटने के लिए NDRF, SDRF, पुलिस और प्रशासनिक टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दी गई हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की गई है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से नदी, पुलों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।