खंडवा। श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए खंडवा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) अनिल कुमार राय एवं एनएचएआई की संयुक्त टीम ने कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख सड़कों, संवेदनशील स्थानों और चिन्हित पार्किंग क्षेत्रों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, संभावित भीड़ को नियंत्रित करने, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों की क्षमता, प्रवेश एवं निकास मार्ग, संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कांवड़ यात्रियों के लिए अलग पैदल मार्ग, वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों के डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की योजना पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति न बने।

पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
