खंडवा। थाना मान्धाता क्षेत्र के नागर घाट स्थित मार्कण्डेय आश्रम से गुरुवार (30 जुलाई) को दो बालक बिना किसी को बताए कहीं चले गए, जिससे आश्रम परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मान्धाता थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, लापता हुए बच्चों की पहचान वेदांत तिवारी और रोहित शर्मा के रूप में हुई है। दोनों के आश्रम से अचानक गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू किया।
पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों बच्चों की सुरक्षित तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी को दोनों बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल मान्धाता थाना पुलिस को सूचित करें, ताकि उन्हें सुरक्षित परिजनों और आश्रम तक पहुंचाया जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
