मूंदी। मूंदी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। करीब 18 दिनों के लंबे इंतजार के बाद हुई इस बारिश से सूखने लगी फसलों को नई जिंदगी मिली है और किसानों ने राहत की सांस ली है।
लगातार बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र की खेती प्रभावित हो रही थी। विशेष रूप से हल्की जमीन वाले खेतों में फसलें मुरझाने लगी थीं। किसान लंबे समय से अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे थे। मंगलवार को इंद्रदेव की मेहरबानी के बाद खेतों में नमी लौट आई, जिससे फसलों को बड़ा सहारा मिला है।
हालांकि किसानों का कहना है कि अच्छी पैदावार के लिए आने वाले दिनों में भी नियमित बारिश की आवश्यकता है। यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन मिलने की संभावना है। वहीं बारिश के बाद क्षेत्र में मौसम भी सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
