खंडवा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्री दादाजी धूनीवाले धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खंडवा पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
पुलिस द्वारा मेले और मंदिर परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी के दौरान अब तक 7 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
खंडवा पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या नियंत्रण कक्ष को दें। साथ ही, अपने सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें और भीड़ के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे आयोजन के दौरान निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।
