गांधी भवन से निकली कांग्रेस की निशान यात्रा, दादाजी दरबार में अर्पित किए निशान

गांधी भवन से निकली कांग्रेस की निशान यात्रा, दादाजी दरबार में अर्पित किए निशान

गांधी भवन से निकली कांग्रेस की निशान यात्रा, दादाजी दरबार में अर्पित किए निशान

खंडवा: गुरु पूर्णिमा पर्व के पूर्व खंडवा में कांग्रेस परिवार द्वारा परम पूज्य दादाजी धूनीवाले सरकार के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए भव्य निशान यात्रा निकाली गई। रविवार शाम गांधी भवन से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर दादाजी धूनीवाले दरबार पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निशान अर्पित कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

यात्रा शाम करीब 5 बजे गांधी भवन से बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के साथ रवाना हुई। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। यात्रा के दौरान “भज लो दादाजी का नाम, भज लो हरिहर जी का नाम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यात्रा मार्ग में शहर के विभिन्न स्थानों पर यूथ कांग्रेस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों और मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। केवलराम पेट्रोल पंप, नगर निगम परिसर, जलेबी चौक और गौशाला क्षेत्र सहित कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस निशान यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था प्रकट करना नहीं, बल्कि समाज में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि दादाजी धूनीवाले सरकार की शिक्षाएं प्रेम, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करती हैं।

दादाजी दरबार पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक निशान अर्पित किए और प्रदेश की खुशहाली तथा जनकल्याण की प्रार्थना की। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रतिभा रघुवंशी, जिला प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, सागर पवार, दीपक (मुल्लू) राठौर, यशवंत सिलावट, इमरान गौरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।