खंडवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा, बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को बड़ी सौगात

खंडवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा, बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को बड़ी सौगात

खंडवा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा, बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को बड़ी सौगात

खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर खंडवा पहुंचे, जहां उन्होंने नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित “बलराम कृषि महोत्सव” में भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने मंडी परिसर में लगाई गई किसान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आधुनिक कृषि तकनीकों तथा नवाचारों की जानकारी ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और प्रदेशभर से आए किसानों को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कृषि विकास, सिंचाई सुविधाओं और किसान कल्याण योजनाओं को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना” के तहत प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह राशि किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी और खेती-किसानी के कार्यों को मजबूत बनाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधा संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही कृषि, सिंचाई, आधुनिक खेती और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। शहर के विभिन्न स्थानों से कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दादाजी दरबार में दर्शन के लिए रवाना होंगे।

सरकार का कहना है कि किसानों के खातों में अंतरित की जा रही राशि से कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।