खंडवा: महिला सुरक्षा और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए खंडवा पुलिस की निर्भया टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
निर्भया मोबाइल टीम ने आज मोघट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवाजी चौक, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड, एमएलबी स्कूल, मोतीलाल नेहरू स्कूल और जीडीसी कॉलेज का भ्रमण किया।

इस दौरान स्कूल और कॉलेज परिसरों में घूम रहे आवारा युवकों को समझाइश देकर वहां से रवाना किया गया। साथ ही स्कूल प्रबंधन से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी साझा की गई और महिला थाने का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया गया।
टीम ने छात्राओं से भी संवाद किया और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़ या अवांछनीय गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को भरोसा दिलाया गया कि वे अपनी शिकायत या सूचना गोपनीय तरीके से महिला थाना प्रभारी या पुलिस टीम तक पहुंचा सकती हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्भया टीम का भ्रमण और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखी जाएगी।
