ओंकारेश्वर: ज्योतिर्लिंग श्री ओंकारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा शनिवार से लागू की गई नई व्यवस्था को भक्तों ने सराहा है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि मंदिर परिसर में शुकदेव मुनि द्वार के चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद एकादशी पर्व से श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल रही है।

नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालुओं को शुकदेव मुनि द्वार से करीब 10 फीट दूरी से भगवान श्री ओंकारेश्वर के दर्शन कराए जा रहे हैं। दर्शन के बाद भक्तों की निकासी चांदी द्वार से की जा रही है।
गाजियाबाद से आए श्रद्धालु गौरव सिंह ने नई व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहले भी कई बार ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आ चुके हैं, लेकिन इस बार दर्शन का अनुभव बेहद आनंददायक रहा। उन्होंने कहा कि दूर से दर्शन की व्यवस्था होने से श्रद्धालु कुछ समय रुककर शांतिपूर्वक भगवान के दर्शन कर पा रहे हैं।

वहीं, दिल्ली से आई श्रद्धालु ईशा शर्मा ने बताया कि नई व्यवस्था के कारण उन्हें मन भरकर दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पहले भीड़ और धक्का-मुक्की के कारण कुछ ही क्षणों में दर्शन हो पाते थे, लेकिन अब पर्याप्त स्थान होने से कई श्रद्धालु एक साथ रुककर आराम से दर्शन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना और मंदिर में दर्शन प्रक्रिया को अधिक सुचारु बनाना है।
