खंडवा। अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए खंडवा पुलिस अब हाईटेक सिस्टम अपनाने जा रही है। जल्द ही जिले में डिजिटल पेट्रोलिंग सिस्टम ‘कवच’ शुरू किया जाएगा। इस सिस्टम के लागू होने के बाद पुलिस अधिकारियों को गश्त और अन्य गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी की सुविधा मिलेगी।
‘कवच’ सिस्टम के जरिए अधिकारी यह देख सकेंगे कि कौन-सी टीम किस क्षेत्र में गश्त कर रही है और पुलिसकर्मियों की तैनाती की स्थिति क्या है। इससे पेट्रोलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और मजबूत होगी।
डिजिटल पेट्रोलिंग सिस्टम के तहत पुलिस वाहनों और गश्ती दलों की गतिविधियों को तकनीक से जोड़ा जाएगा। अधिकारी कार्यालय से ही गश्त की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल निर्देश दे सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ‘कवच’ सिस्टम के शुरू होने से अपराध की रोकथाम, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और पुलिस बल के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था से पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इसे जिले में लागू करने की तैयारी पूरी की जा रही है।
