खंडवा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर खंडवा में आयोजित होने वाले विशाल मेले एवं वर्षों से संचालित भंडारों में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता का मुद्दा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने विधानसभा सत्र के दौरान प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को पत्र सौंपकर मांग की कि मेले के दौरान भंडारा समितियों को पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की सेवा कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
विधायक तनवे ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि खंडवा का गुरु पूर्णिमा मेला आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। पिछले कई दशकों से सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएँ निःस्वार्थ भाव से विशाल भंडारों का संचालन करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर महंगे होने के कारण भंडारा समितियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है, इसलिए घरेलू गैस सिलेंडरों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधायक तनवे को आश्वस्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश देने का भरोसा भी दिलाया।
मंत्री के सकारात्मक आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक कंचन मुकेश तनवे ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता, धार्मिक आयोजनों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से संचालित कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन के सहयोग से इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और भंडारा समितियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
