डॉ. पूर्वा मित्तल ने कलेक्ट्रेट में की बैठक, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर

डॉ. पूर्वा मित्तल ने कलेक्ट्रेट में की बैठक, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर

डॉ. पूर्वा मित्तल ने कलेक्ट्रेट में की बैठक, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर

खंडवा: राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए नियुक्त स्पेशल मॉनिटर डॉ. पूर्वा मित्तल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिले में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से मुलाकात कर महिलाओं एवं दिव्यांगों से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला पुलिस थाना और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

डॉ. पूर्वा मित्तल ने निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और वन स्टॉप सेंटर सखी में आने वाली महिलाओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में बताया गया कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए हाल ही में चिन्हांकन शिविर आयोजित किए गए हैं। शिविरों में चिन्हित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने जिले में महिला सुरक्षा, दिव्यांग कल्याण और मानव अधिकारों से जुड़े कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।

डॉ. मित्तल ने विभागों से कहा कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए और महिलाओं व दिव्यांगजनों के अधिकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।