खंडवा: जिले की छैगांव माखन थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की चार पिस्टल, तीन मैगजीन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 86 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान ग्राम चमाटी फाटे के आगे नाले के पास, ग्राम बड़ियाग्यासुर मार्ग पर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सलवन सिंह (19) पिता मुन्नासिंह भाटिया और करण (19) पिता शिवचरण घोसले, दोनों निवासी ग्राम सिगनूर, थाना गोंगावा, जिला खरगोन के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चार पिस्टल और तीन मैगजीन बरामद की गईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25(1-B)(a) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रनाथ पाण्डेय, उपनिरीक्षक भीमसिंह मंडलोई, सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र गोलकर, प्रधान आरक्षक ब्रजेश भलावी तथा आरक्षक सागर बडोले और आदित्य कटारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
