खंडवा में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला दहन

खंडवा में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला दहन

खंडवा में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला दहन

खंडवा। कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को खंडवा में जिला यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।

यूथ कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से एकत्रित होकर रैली के रूप में स्टेशन रोड होते हुए केवलराम पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप पुतला दहन किया।

यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष सागर पवार ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी और छात्रों पर बल प्रयोग लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।

वहीं, जिला उपाध्यक्ष शहजाद पवार ने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं और छात्रों पर कार्रवाई जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान डॉ. मुनीश मिश्रा, कुंदन मालवीय, शांतनु दीक्षित, सलीम पटेल, सुनील आर्य, अवधेश सिसोदिया, रचना तिवारी, अशोक पटेल, अमरेश पांडेय, आसीम पटेल, राजकुमार कैथवास, चैनसिंह वर्मा, विकास व्यास, मनोज मंडलोई, लव जोशी, अर्ष पाठक, विशाल जैन, प्रेमांशु जैन, यशवंत सिलावट, अय्यूब लाला, चंदन राजपूत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर  पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।