ओंकारेश्वर: श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर संस्थान ने श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। मंदिर संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं एसडीएम पंकज वर्मा के निर्देश पर अब दान राशि की गिनती करने वाले कर्मचारी पैंट की जगह बिना जेब वाली धोती पहनकर राशि की गणना करेंगे।
नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को राशि गिनने वाले कक्ष में प्रवेश से पहले अपनी पैंट बाहर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गिनती प्रक्रिया के दौरान पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है, जो प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों की जांच करते हैं।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जा रही है। इसका उद्देश्य दान राशि में किसी भी तरह की हेराफेरी की संभावना को खत्म करना और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखना है।
मंगलवार को हुई दान राशि की गणना के दौरान छह दान पात्रों से 20 लाख 88 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई। राशि को सुरक्षित रूप से मंदिर संस्थान के स्थानीय बैंक ऑफ इंडिया, ओंकारेश्वर शाखा में जमा कराया गया।
मंदिर प्रशासन की इस व्यवस्था की नगरवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि दान राशि की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए यह एक सकारात्मक कदम है।
श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज वर्मा ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान राशि को सुरक्षित रखना और उसका उपयोग भक्तों की सुविधाओं एवं नगर के विकास कार्यों में करना है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगामी श्रावण माह को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां भी की जा रही हैं।
