खंडवा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब खंडवा में भी सुनाई देने लगी है। मंगलवार 21 जुलाई को एसएन कॉलेज के पास कांग्रेस नेता और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए घटना की कड़ी निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रा पूजा शर्मा ने कहा कि देश में असली मुद्दों से ध्यान भटकाकर समाज को बांटा जा रहा है, जबकि युवाओं के भविष्य और रोजगार पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने मीडिया से भी सही मुद्दों को सामने लाने की अपील की।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चंदन राजपूत ने कहा कि छात्रों के अधिकारों के लिए वे हमेशा संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक देशभर में आंदोलन जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है और इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. मुनीश मिश्रा ने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी ने भी परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से जिम्मेदारी लेने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह,डॉ मुनीश मिश्रा, कुंदन मालवीय,शांतनु दीक्षित,अर्ष पाठक,राजू सुनगत,जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,राजकुमार कैथवास,पवन पाटीदार,अनिल जाधव,शहजाद पवार,सागर पवार,मनोज मंडलोई,अनिल जाधव,पलाश जैन,दिव्यांश ओझा,असलम गौरी,अश्विनी सैनी,धर्मेन्द्र झाला,मोंटी पवार,विजय सिंह,राहुल सिंह सावनेर,निखलेश पालवी,मुकेश नायक,विशाल चौहान,पृथ्वीराज चौहान,कुंदन पटेल,गुरप्रीत सिंह होरा,पप्पू दादा रिजगाव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
