खंडवा। पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने साप्ताहिक कार्य समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “Employee Of The Week” के रूप में चयन कर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
दिनांक 5 जुलाई 2026 से 11 जुलाई 2026 तक किए गए कार्यों की समीक्षा के आधार पर विभिन्न पुलिसकर्मियों को उनके बेहतर योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

थाना पिपलोद के प्रधान आरक्षक रणवीर सिंह को 4 अपराधों, 1 मर्ग जांच, 3 सीएम हेल्पलाइन और 11 शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करने के लिए सम्मानित किया गया।
थाना मोघट रोड के आरक्षक विजय उदलकर को समंस, वारंट तामीली और विभिन्न न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर कार्य के लिए सम्मान मिला। वहीं थाना कोतवाली के आरक्षक महेंद्र भाग्यवार को कोर्ट मुंशी कार्य के दौरान लंबित चालान के निराकरण में योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
थाना मांधाता के आरक्षक पवन महाजन को ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति महोदय की ड्यूटी के दौरान 600 लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड जांच और चरित्र सत्यापन कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया।
इसी थाने के आरक्षक सुरेंद्र बड़ेरिया को CEIR पोर्टल के माध्यम से 23 मोबाइल ट्रेस करने और 6 मोबाइल संबंधित मोबाइल धारकों को वापस उपलब्ध कराने के लिए सम्मान मिला।
पुलिस लाइन के आरक्षक सुनील सैनी को कानून व्यवस्था और वीआईपी ड्यूटी के दौरान आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
थाना यातायात के आरक्षक दीपक को अत्यधिक बारिश के दौरान तीन पुलिया में तेज बहाव में बह रहे व्यक्ति की जान बचाने के साहसिक कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया।
वहीं आरक्षक नितिन चौहान और आरक्षक महेश कुमार चौहान को पदोन्नति संबंधी कार्यवाहियों को अतिरिक्त समय देकर लगन और मेहनत से पूरा करने के लिए “Employee Of The Week” सम्मान प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।
