खंडवा। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों से जलकर, प्रकाश कर, संपत्ति कर एवं हाट बाजार से संबंधित कर की राशि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा कराई जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों के बड़े गांवों में स्थित अचल संपत्तियों का मूल्यांकन कराएं और उसी के अनुरूप संपत्ति कर जमा करवाएं। उन्होंने पंचायतों द्वारा की जा रही कर वसूली की नियमित समीक्षा और जांच करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान एवं श्री के.आर. बड़ोले सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को किसानों की फार्मर्स रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही करने वाले पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जबकि बेहतर कार्य करने वाले पटवारियों को सम्मानित किया जाए।

कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर मजदूरों को योजना की जानकारी देने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ दिलाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत रिक्शा चालक, फेरीवाले, घरेलू कामगार, दर्जी, पान विक्रेता, छोटी दुकानों वाले और अन्य असंगठित कामगार, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपए से कम है, पेंशन सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
