खंडवा। आगामी गुरुपूर्णिमा पर्व एवं श्रावण मास को ध्यान में रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महेंद्र तारणेकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गजेंद्र सिंह कंवर, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) अनिल कुमार राय, यातायात थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह परिहार, रक्षित निरीक्षक धरम सिंह जामोद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
