खंडवा। खंडवा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” के तहत थाना किल्लौद पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने लापता हुई नाबालिग बालिका को तत्परता से तलाश कर सकुशल बरामद किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, फरियादी ने थाना किल्लौद पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बालिका कहीं चली गई है और उसका कोई पता नहीं चल रहा है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया है।
शिकायत के आधार पर थाना किल्लौद में अपराध क्रमांक 93/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालिका की तलाश के लिए प्रयास तेज किए।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए नाबालिग बालिका को खंडवा से सकुशल दस्तयाब कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वर्मा, एएसआई रंजीता और प्रधान आरक्षक भगवान घाटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खंडवा पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराध, अपहरण और गंभीर मामलों में आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
