खंडवा। करीब तीन दशक से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वर्ष 1995 में बिजली कनेक्शन दिलाने का झांसा देकर लोगों से करीब एक हजार रुपए की ठगी की थी। उस समय आरोपी की उम्र 23 वर्ष थी, जबकि अब वह 56 वर्ष का हो चुका है।
पुलिस के अनुसार, संजय नगर निवासी करतार पिता मानसिंह नायक ने भंडारिया रोड क्षेत्र में रहने वाले लोगों को झांसा दिया था कि वह 20-20 रुपए में बिजली कनेक्शन दिलवा देगा। आरोपी की बातों में आकर लोगों ने उसे रुपए दे दिए, लेकिन न तो कनेक्शन मिले और न ही राशि वापस की गई।
मामले में वर्ष 1995 में कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से जमानत मिलने के बाद वह बाहर आ गया। इसके बाद वह न्यायालय में पेशियों पर उपस्थित नहीं हुआ और लंबे समय तक फरार रहा। कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था।
पुलिस ने वारंट की तामील करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। हेड कांस्टेबल रफीक खान और कांस्टेबल अनुराग सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए करतार नायक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से शहर में रह रहा था और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय दिखाई देता रहा था। अब पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
