पूर्व जनपद उपाध्यक्ष पर मनरेगा में गड़बड़ी के आरोप, पशु शेड की जगह बना दी हाईवे पर दुकान

पूर्व जनपद उपाध्यक्ष पर मनरेगा में गड़बड़ी के आरोप, पशु शेड की जगह बना दी हाईवे पर दुकान

पूर्व जनपद उपाध्यक्ष पर मनरेगा में गड़बड़ी के आरोप, पशु शेड की जगह बना दी हाईवे पर दुकान

खंडवा। जिले में मनरेगा के तहत संचालित पशु शेड योजना के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर जनपद पंचायत स्तर पर हुई जांच में पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर कैथवास पर पशु शेड की स्वीकृत राशि से स्टेट हाईवे किनारे दुकान निर्माण कराने के आरोपों की जांच की गई है। जांच अधिकारी ने राशि वसूली (रिकवरी) का प्रस्ताव जिला पंचायत को भेजने की बात कही है।

शिकायत के अनुसार, रणधीर कैथवास ने पशु शेड योजना का लाभ लेने के लिए पड़ोसी ग्राम पंचायत गोकुलगांव में अपनी पत्नी प्रतिभा कैथवास के नाम से मनरेगा का जॉब कार्ड बनवाया। आरोप है कि वर्ष 2021-22 में इसी जॉब कार्ड के आधार पर पशु शेड निर्माण के लिए करीब 92 हजार रुपये की स्वीकृति और छह किश्तों में भुगतान किया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जिस स्थान पर पशु शेड स्वीकृत हुआ था, वहां पशु शेड का निर्माण नहीं कराया गया। इसके बजाय खंडवा-मूंदी स्टेट हाईवे पर दो मंजिला दुकान का निर्माण किया गया। आरोप है कि योजना का लाभ मिलने के बाद संबंधित जॉब कार्ड भी बाद में निरस्त करा दिया गया।

मामले की शिकायत मिलने पर जिला पंचायत के निर्देश पर आरईएस (मनरेगा) की सहायक यंत्री रंजना दांगोरे ने स्थल निरीक्षण कर जांच की। उन्होंने बताया कि मौके पर पशु शेड के बजाय दुकान का निर्माण पाया गया है। पंचायत सचिव के बयान भी दर्ज किए गए हैं और जांच पूरी कर ली गई है। जांच प्रतिवेदन के साथ राशि रिकवरी का प्रस्ताव जिला पंचायत को भेजा जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रणधीर कैथवास का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।