खंडवा। शहर के मोघट रोड थाना क्षेत्र स्थित बड़गांव भीला रोड पर एक निर्माणाधीन कॉलोनी में रहने वाली महिला चौकीदार के साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे चार युवक नशे की हालत में निर्माणाधीन कॉलोनी के पास पहुंचे और आपस में विवाद करने लगे। महिला ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से उसके कपड़े फाड़ दिए। घटना के दौरान महिला की 16 वर्षीय बेटी भी घर पर मौजूद थी। महिला ने उसे सुरक्षित कमरे में बंद कर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के एक व्यक्ति ने बीच-बचाव किया।
सूचना मिलने पर डायल-112 मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस वाहन को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद महिला ने अपने पति के साथ पुलिस चौकी और फिर मोघट रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मोघट रोड थाना प्रभारी विकास खिंची के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़गांव भीला रोड क्षेत्र में दोबारा दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गंगराड़े धर्मशाला के पास से अजमल पिता असलम और नब्बू उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि एक पान की गुमटी से अवैध रूप से शराब बेची जाती है, जिसके कारण क्षेत्र में दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। रहवासियों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
