ओंकारेश्वर, 17 जुलाई 2026: ओंकारेश्वर में गुरुवार रात नर्मदा नदी पर एक बड़ा हादसा टल गया। शंकराचार्य प्रोजेक्ट में काम कर रही एलएंडटी कंपनी के तीन कर्मचारी अस्थायी पुल पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि उनकी बाइक नदी में बह गई।
घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। तीनों कर्मचारी मोटरसाइकिल से नर्मदा नदी पर बने अस्थायी पुल को पार कर रहे थे। बारिश के कारण पुल पर पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान बाइक फिसल गई और तीनों युवक बहते पानी में गिर गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की। समाजसेवी प्रदीप ठाकुर ने रस्सी की व्यवस्था की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे नदी के तेज बहाव में फंसे तीनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बचाए गए कर्मचारियों की पहचान सचिन यादव, रामजी पाल और कौशल पाल के रूप में हुई है। हादसे में उनकी मोटरसाइकिल पानी में बह गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अस्थायी पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान भी इस पुल से रात में आवाजाही जारी रहती है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से बर्फानी धाम से नवीन घाट को जोड़ने वाले पुल का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की है। इसके साथ ही अस्थायी पुल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय करने की मांग भी उठाई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में नर्मदा का जलस्तर और बहाव बढ़ जाता है, ऐसे में अस्थायी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।
