कोर्ट परिसर में मासूम की कस्टडी को लेकर हंगामा, मां-पिता पक्ष भिड़े; वकीलों ने कराया शांत

कोर्ट परिसर में मासूम की कस्टडी को लेकर हंगामा, मां-पिता पक्ष भिड़े; वकीलों ने कराया शांत

कोर्ट परिसर में मासूम की कस्टडी को लेकर हंगामा, मां-पिता पक्ष भिड़े; वकीलों ने कराया शांत

खंडवा। जिला न्यायालय परिसर बुधवार शाम उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब 9 वर्षीय बच्ची की कस्टडी को लेकर पति-पत्नी पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग कोर्ट परिसर में ही आमने-सामने आ गए। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, बुरहानपुर निवासी व्यापारी अजीम अंसारी अपनी 9 वर्षीय बेटी और परिजनों के साथ न्यायालय पहुंचे थे। वहीं उनकी पत्नी तरन्नुम, जो खंडवा निवासी हैं, अपने परिजनों के साथ कोर्ट परिसर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि बच्ची को साथ ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी, जिसे लोगों ने शांत करा दिया था। लेकिन शाम के समय विवाद फिर बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्ष बच्ची को अपनी-अपनी ओर ले जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान बच्ची डर के कारण रोती-बिलखती रही और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की भी हुई।

कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने बच्ची की स्थिति को देखते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कराया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से बातचीत की।

बताया गया कि बच्ची पिता के साथ जाने की इच्छा जाहिर कर रही थी। पुलिस और मौजूद लोगों की समझाइश के बाद बच्ची को उसके पिता के साथ भेजा गया।

घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा और इस तरह के पारिवारिक विवादों की स्थिति से निपटने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।