खंडवा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार रात एक बार फिर मरीज द्वारा छलांग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने अचानक ऊंचाई से कूदकर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरीज के गिरते ही अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। मरीज की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। उसकी पहचान परलाल पिता छगनलाल (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी बड़गांव माल के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मरीज किस वार्ड में भर्ती था और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन भी मामले की जानकारी जुटाने में लगा है।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मरीज के परिजनों और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
