18 जुलाई की विशेष लोक अदालत को लेकर जिला न्यायालय में समीक्षा बैठक आयोजित

18 जुलाई की विशेष लोक अदालत को लेकर जिला न्यायालय में समीक्षा बैठक आयोजित

18 जुलाई की विशेष लोक अदालत को लेकर जिला न्यायालय में समीक्षा बैठक आयोजित

खंडवा। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 18 जुलाई को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को जिला न्यायालय, खंडवा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव ने की।

बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों में पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से विशेष लोक अदालत के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। इससे न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का भार भी कम होता है।

समीक्षा बैठक में विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी, श्री अरविंद सिंह टेकाम, श्री आशीष प्रताप सिंह, श्री वीरेंद्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पीयूष भावे उपस्थित रहे।

बैठक में तहसील सिविल न्यायालय हरसूद एवं पुनासा के न्यायिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और लंबित मामलों के प्रभावी निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।