पुनासा। नगर के वार्ड क्रमांक 2 में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रौनक (3 वर्ष) पिता धर्मेंद्र और उसका भाई रौशन (2 वर्ष) सोमवार शाम घर के बाहर सड़क पर खेल रहे थे। ग्रामीण दिलसिंह जमरा ने दोनों बच्चों को शाम के समय सड़क पर खेलते हुए देखा था। उस समय बच्चों के पिता मजदूरी के लिए पुनासा गए हुए थे, जबकि उनकी मां घर के पास स्थित खेत में काम कर रही थीं।
कुछ देर बाद जब मां घर लौटीं तो दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। तलाश के दौरान घर से करीब 100 फीट दूर स्थित तालाब में दोनों बच्चे डूबे हुए दिखाई दिए। परिजनों ने तत्काल दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉ. नरेंद्र चौधरी ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र सैयदे अपने स्टाफ जितेंद्र मंडलोई और ब्रजकिशोर कश्यप के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां तालाब के पानी में बच्चों की चप्पलें तैरती हुई मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चों की मां अक्सर इसी तालाब पर कपड़े धोने आती थीं और बच्चे भी उनके साथ यहां आते थे। आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते दोनों बच्चे तालाब के पास पहुंच गए और गहरे पानी में चले जाने से हादसा हो गया।
दो मासूम भाई-बहन की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
