खंडवा। जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए पंधाना तहसील के रुस्तमपुर स्थित मेसर्स प्रेरणा कृषि सेवा केंद्र के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उर्वरक विक्रय और भंडारण में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
उप संचालक (कृषि) नितेश यादव के अनुसार, उर्वरक निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह दादौरिया ने बुधवार को दुकान का निरीक्षण किया, जिसमें रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई।
जांच के दौरान सबसे बड़ा खुलासा यूरिया स्टॉक को लेकर हुआ। पीओएस मशीन में 1102 बैग यूरिया दर्ज था, जबकि मौके पर एक भी बैग नहीं मिला। इससे अवैध बिक्री और कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है।
विभागीय जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 4, 5, 8 और 35 के उल्लंघन के साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों की अनदेखी भी सामने आई है। साथ ही ई-टोकन सिस्टम के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
इन गंभीर अनियमितताओं के आधार पर पंधाना थाने में आरोपी विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उर्वरक विक्रेताओं की लगातार निगरानी की जा रही है और आगे भी कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
