इंदौर: डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में पांच दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी और मृतका के पति अखिलेश सैनी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की चार से अधिक टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
यह घटना 11 जुलाई को डाककुंज कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में हुई थी। 38 वर्षीय पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की घर के भीतर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय उनके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। जब बच्चे स्कूल से लौटे तो उन्होंने घर के अंदर अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
प्रारंभिक जांच के बाद से ही मृतका के पति अखिलेश सैनी को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। वारदात के बाद से वह फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
