खण्डवा में खाद बिक्री में गड़बड़ी का मामला, उर्वरक विक्रेता पर एफआईआर

खण्डवा में खाद बिक्री में गड़बड़ी का मामला, उर्वरक विक्रेता पर एफआईआर

खण्डवा में खाद बिक्री में गड़बड़ी का मामला, उर्वरक विक्रेता पर एफआईआर

खण्डवा: जिले में उर्वरक विक्रय और भंडारण में अनियमितता पाए जाने पर कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए रूस्तमपुर स्थित मेसर्स प्रेरणा कृषि सेवा केन्द्र के संचालक के खिलाफ पंधाना थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

उर्वरक निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेन्द्र सिंह दादौरिया ने बुधवार को रूस्तमपुर के उर्वरक विक्रेता मेसर्स प्रेरणा कृषि सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान उर्वरक विक्रय और भंडारण में कई अनियमितताएं सामने आईं।

उप संचालक कृषि नितेश यादव ने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित फर्म द्वारा उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 की धाराओं 4, 5, 8 और 35 का उल्लंघन किया जा रहा था। इसके साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के प्रावधानों का पालन भी नहीं किया गया।

जांच के दौरान पाया गया कि ई-टोकन सिस्टम से जुड़े निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। पीओएस मशीन में यूरिया के 1102 बैग उपलब्ध होना प्रदर्शित हो रहे थे, जबकि मौके पर प्रतिष्ठान में यूरिया का स्टॉक शून्य पाया गया।

कृषि विभाग के अनुसार स्टॉक में इस अंतर से प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि विक्रेता द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से उर्वरक का व्यापार किया गया।

कृषि विभाग ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंधाना थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। विभाग ने कहा है कि उर्वरक विक्रय व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के लिए जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।