खंडवा | महाविद्यालयों की अनियमितताओं को लेकर एबीवीपी ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, जांच के दिए निर्देश
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने खंडवा शहरी और हरसूद के महाविद्यालयों में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मौके पर उपस्थित नहीं होने पर परिषद कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन उनके वाहन में ही सौंपा।
जिला संयोजक लालू यादव ने बताया कि शहर के एक कॉलेज परिसर में एक साथ तीन विद्यालय, एक महाविद्यालय और एक होटल संचालित होने से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं हरसूद शासकीय महाविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी आंदोलन और शिकायतें की गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन प्राप्त होने के बाद प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह ने कलेक्टर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान पृथ्वी महाजन सहित एबीवीपी के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
