खंडवा | विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला न्यायालय में समीक्षा बैठक, आपसी सहमति से प्रकरणों के निराकरण पर जोर
जिला न्यायालय में 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने की। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 सहित अन्य लंबित प्रकरणों में पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से लोक अदालत में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विशेष न्यायाधीश उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीश अनिल चौधरी, अरविंद सिंह टेकाम, आशीष प्रताप सिंह, वीरेंद्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पीयूष भावे उपस्थित रहे। हरसूद और पुनासा के न्यायिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में विशेष लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
