खंडवा –कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देश पर जिले के स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं की जांच के लिए आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित दल ने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया, जिसमें दो शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला निशानिया के प्राथमिक शिक्षक श्री शेरसिंह मौर्य और पीएम श्री स्कूल सुलगांव के प्रधान पाठक श्री सुधीर उइके अनुपस्थित मिले। जांच में सामने आया कि प्राथमिक शिक्षक शेरसिंह मौर्य ने ई-अटेंडेंस दर्ज करने के बाद स्कूल से अनुपस्थित हो गए थे।
मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलवंत पटेल ने प्राथमिक शिक्षक शेरसिंह मौर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, पीएम श्री स्कूल सुलगांव के प्रधान पाठक श्री सुधीर उइके के विरुद्ध भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलवंत पटेल ने बताया कि स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जिले के स्कूलों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों में सख्ती का संदेश गया है।
