खंडवा – में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के प्रथम आगमन पर महिला शक्ति का भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए, पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन का स्वरूप दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अश्विनी परांजपे ने कहा कि आधी आबादी भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने वर्ष 2028 के संगठनात्मक लक्ष्य को सामने रखते हुए प्रत्येक बूथ पर महिला शक्ति को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्य करते हुए भाजपा को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

खंडवा प्रवास के दौरान भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने अश्विनी परांजपे का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने महिला मोर्चा को संगठन की सबसे सक्रिय इकाई बताते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी चुनावों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

कार्यक्रम को विधायक कंचन तंवे, महापौर अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े तथा विधायक छाया मोरे ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने महिला नेतृत्व, संगठन विस्तार और जनसेवा में महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया।
सम्मेलन में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए।
