तीन पुलिया फ्लाईओवर के लिए कार्रवाई, स्टेशन रोड की चार दुकानें जमींदोज

तीन पुलिया फ्लाईओवर के लिए कार्रवाई, स्टेशन रोड की चार दुकानें जमींदोज

तीन पुलिया फ्लाईओवर के लिए कार्रवाई, स्टेशन रोड की चार दुकानें जमींदोज

खंडवा – में मंगलवार को तीन पुलिया फ्लाईओवर निर्माण परियोजना के तहत स्टेशन रोड चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने चार दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की। पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से बहुमंजिला इमारतों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब एक घंटे तक ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई में चार मंजिला वैशाली किराना भवन सहित दो तीन मंजिला और एक दो मंजिला इमारत को गिराया गया। पोकलेन के पंजों की मार पड़ते ही इमारतें भरभराकर ढह गईं।

 

जानकारी के अनुसार, तीन पुलिया फ्लाईओवर निर्माण के लिए स्टेशन रोड का चौड़ीकरण किया जा रहा है। रेलवे की ओर स्थित इन दुकानों का निर्माण नगर निगम ने करीब 20 वर्ष पहले कराया था और उन्हें स्थायी लीज पर आवंटित किया गया था। प्रभावित व्यापारियों को प्रशासन ने जमीन के बदले भंडारिया रोड पर वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराई है। अधिकांश दुकानों को पहले ही हटाकर प्रस्तावित सर्विस रोड का निर्माण किया जा चुका है, जबकि मंगलवार को शेष बची चार दुकानों को ध्वस्त किया गया।

 

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि संबंधित दुकानदारों को सामान हटाने के लिए पहले अतिरिक्त समय दिया गया था। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को अंतिम कार्रवाई की गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ समय तक ट्रैफिक भी रोका गया।

कार्रवाई के दौरान वर्षों से कारोबार कर रहे वैशाली किराना के संचालक और अन्य व्यापारी मौके पर मौजूद रहे। अपनी चार मंजिला इमारत को गिरते देख व्यापारी और उनके परिजन भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने उन्हें सांत्वना दी। वहीं, कई व्यापारियों ने प्रशासन से अपने भविष्य और अन्य दुकानों पर संभावित कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठाए।