खंडवा। मूंग खरीदी में हो रही देरी के विरोध में कल हरसूद में कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरसूद के नेतृत्व में बुधवार, 15 जुलाई 2026 को किसानों की मूंग खरीदी से जुड़े मुद्दों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) हरसूद को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से शासन द्वारा मूंग खरीदी में हो रही देरी पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। साथ ही खरीदी प्रक्रिया को तत्काल प्रारंभ करने और वर्तमान खरीदी सीमा 1 क्विंटल प्रति एकड़ से बढ़ाकर 6 क्विंटल प्रति एकड़ करने की मांग की जाएगी, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर चौहान ने ब्लॉक, जिला, मंडलम एवं नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ ही महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे निर्धारित स्थान पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
कांग्रेस ने इसे किसानों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए बड़ी संख्या में सहभागिता की उम्मीद जताई है।
