खंडवा: जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव में एक कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 8 लोगों की मौत हो गई। करीब 3 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी 8 शव कुएं से बाहर निकाल लिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
ये घटना गुरुवार शाम को की है। बताया जा रहा है कि गणगौर विसर्जन को लेकर अर्जुन नाम का शख्स कुएं की सफाई करने उतरा, जो जहरीली गैस के कारण बेसुध होकर कुएं में जमा दलदल में डूब गया। उसे बचाने के चक्कर में एक के बाद एक 7 और लोग कुएं में उतरे। ये सब भी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से डूब गए और इनकी जान चली गई।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
1. मोहन पिता मंसाराम (पूर्व सरपंच) – उम्र 55 वर्ष
2. अनिल पिता आत्माराम पटेल – उम्र 30 वर्ष
3. शरण पिता सुखराम – उम्र 30 वर्ष
4. अर्जुन पिता गोविन्द – उम्र 35 वर्ष
5. गजानंद पिता गोपाल – उम्र 25 वर्ष
6. बलिराम पिता आशाराम – उम्र 36 वर्ष
7. राकेश पिता हरी – उम्र 22 वर्ष
8. अजय पिता मोहन – उम्र 25 वर्ष
ये सभी युवक गांव के कुनबी पटेल समाज के थे।
150 साल पुराने कुएं में हुआ हादसा
गांव के बुजुर्गों के अनुसार, यह कुआं वर्षों से त्योहारों पर मूर्ति और जवारे विसर्जन के लिए इस्तेमाल होता आ रहा था, लेकिन इस बार यह एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन गया। इस बार भी गणगौर माता के जवारों का विसर्जन किया जाना था। इसी को देखते हुए बुधवार को ग्रामीण कुएं की सफाई करने के लिए उतरे थे। लेकिन कुएं में जमा मीथेन गैस के संपर्क में आने से दम घुटने की वजह से सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे पहले अर्जुन कूदा, सबसे बाद में निकला शव
बताया जा रहा है कि जिस कुएं में ये हादसा हुआ, उस कुएं के किनारे एक नाली निकलती है। इस नाली के जरिए गांव का गंदा पानी कुएं में जाता है। जिससे कुआं दलदल में तब्दील हो गया है। इसी दलदल की सफाई के लिए अर्जुन नाम का युवक कुएं में उतरा था। आशंका है कि गंदगी के कारण कुएं में जहरीली गैस बन गई, जिससे उसका दम घुटा और वह डूब गया। इसके बाद एक एक कर 7 लोग डूबे। रेस्क्यू में सबसे आखिरी में अर्जुन का शव निकाला गया।
मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद
सभी 8 शवों को पोस्टमार्टम के लिए छैगांवमाखन के अस्पताल ले जाया गया है। शुक्रवार को शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
खंडवा जिला प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कुएं में मीथेन गैस मौजूद थी, जिसके संपर्क में आने से दम घुटने से इन युवकों की जान गई।