….ईई बोले- काम रोकाे, अब दूसरी जगह देंगे

 खंडवा.प्रधानमंत्री आवास योजना में पहली किश्त मिलने के बाद संत विनोबा भावे वार्ड के सुंदर नगर में अजीब स्थिति बन गई। यहां लोगों ने किश्त के 20 हजार रुपए मिलने के बाद काम शुरू कर दिया। किसी ने गड्ढे खोदे तो किसी ने बीम-कालम खड़े कर दिए। अब निगम ने दूसरी किश्त रोक दी। लोग गुरुवार दोपहर क्षेत्र के पार्षद मनीष पाटील के साथ निगम पहुंचे। आयुक्त जेजे जोशी से मिले। उन्होंने तकनीकी समस्या बताते हुए ईई से चर्चा करने की बात कही। लोग ईई ईश्वर सिंह चंदेली के पास पहुंचे तो उन्होंने लोगों से कहा अभी आप काम रोक दीजिए। हम दूसरी जगह जमीन देंगे, वहां काम करवाना। पहली किश्त में दिए 20 हजार रुपए में से अब तक जितना काम हो गया है, उतनी राशि अलग से दी जाएगी। अफसर की बात सुन लोगों ने सहमति दे दी। 
इस दौरान क्षेत्र के जयसिंह, सरजू बाई, गोविंद राठौर, कुलसुम बी, रईसा गफ्फार शाह, श्याम साकले, काबर सावले, बाबू शाह सुभान सहित अन्य लोग मौजूद थे। सभी ने तत्काल दूसरी जगह देने की मांग की। इस पर ईई ने शुक्रवार को ही जमीन चिन्हित करने का अाश्वासन दिया।
कार्यपालन यंत्री ईश्वरसिंह चंदेली ने पार्षद मनीष पाटील के साथ आए लोगों को समझाइश दी।
योजना के तहत आवासहीन लोगों के लिए 1263 पक्के मकान बनाए जाना है। चीरा खदान क्षेत्र में करीब 4 हेक्टेयर जमीन पर 84 लाख रुपए की लागत से यह कालोनी प्रधानमंत्री आवास योजना में बनेगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें 1035 लोगों को ईडब्ल्यू एस और 228 लोगों को एलआईजी मकान बनाकर दिए जाएंगे। 2022 तक हर व्यक्ति को आवास देना निगम का लक्ष्य है।
सुंदर नगर में मकान बनाने के लिए लोगों ने बीम कालम खड़े कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री योजना के तहत बनने वाली कॉलोनी में सभी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। बिजली, पानी, रोड और सीवर लाइन भी इसमें बनेगी। 325 स्क्वेयर फीट का मकान बनेगा। इसमें लिविंग रूम 12 बाय 10 फीट, बैडरूम 12 बाय 10 फीट का रहेगा। साथ ही 3 बाय 6 का किचन, लेट-बाथ अटैच रहेगा। दो मंजिला इमारत रहेगी। ग्राउंड फ्लोर पर 8 और प्रथम तल पर 8 मकान बनेंगे।
सुंदर नगर में कुछ लोगों ने ही अभी काम शुरू किया। कुल 16 लोग हैं, उन्हें प्रस्तावित कॉलोनी के पास ही व्यवस्थित रूप से पट्टे इतनी जगह दी जाएगी। जिन लोगों ने काम शुरू कर दिया, उन्हें पहली किश्त से खर्च की राशि अलग से दी जाएगी। ईश्वरसिंह चंदेली, कार्यपालन यंत्री, नगर निगम
पहले से चयनित है जमीन 
प्रधानमंत्री आवास योजना में जिस जगह निर्माण करना है, उसकी जगह पहले राजीव आवास योजना में चयनित है। तब लोगों को बस्ती से हटाकर निर्माण करना था। वर्तमान योजना में लोगों के लिए अन्य विकल्प भी है। – जेजे जोशी, आयुक्त, नगर निगम