पुराना आरटीओ परिसर में शहर से दो किलोमीटर दूर लगेगा पटाखा बाजार

खंडवा। जिला प्रशासन और नगर निगम ने इस बार पटाखा बाजार शहर से दो किलोमीटर दूर आईटीआई कॉलेज मैदान में लगाने का निर्णय लिया है। गुरुवार को अधिकारियों की टीम मैदान का मौका मुआयना करने के लिए पहुंची। जिला प्रशासन की ओर से दुकानदारों के लायसेंस की प्रक्रिया शुरू होते ही यहां नगर निगम द्वारा दुकानें आवंटित करने की तैयारी की जाएगी।

दीपावली पर्व को लेकर शहर में एक करोड़ से अधिक का पटाखा कारोबार होता है। पर्व नजदीक आते ही पटाखा दुकानें लगाए जाने की व्यवस्था को लेकर अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। पिछले तीन वर्षों से जहां पटाखा बाजार गुरुगोविंद सिंह स्टेडियम ग्राउंड पर लगाया जाता था, वहीं अब सुरक्षा की दृष्टि से स्थान बदला जा रहा है। कलेक्टर अभिषेक सिंह ने पटाखा बाजार के लिए स्थान तय करने के लिए एसडीएम शाश्वत शर्मा, निगमायुक्त जेजे जोशी और मोघट थाना प्रभारी अनिल शर्मा की कमेटी गठित की थी। इन तीनों ही अधिकारियों ने आईटीआई कॉलेज के पास खाली मैदान को पटाखा बाजार के लिए उपयुक्त बताया है। गुरुवार को यहां निरीक्षण करने के बाद जगह को फाइनल कर दिया गया है। विदित हो कि पिछले वर्ष स्टेडियम ग्राउंड पर पटाखा बाजार लगाने पर फुटबॉल फेडरेशन के साथ ही अन्य खेल प्रेमियों ने भी आपत्ति उठाई थी। खेल मैदानों का व्यवसायिक उपयोग नहीं किए जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला भी दिया गया था। यही कारण रहा कि इस बार प्रशासन ने स्थान बदलने का निर्णय लिया। स्टेडियम ग्राउंड के अलावा कुछ वर्षों तक पटाखा बाजार नेहरू स्कूल मैदान में भी लगाया गया लेकिन इस स्थान को भी अधिकारी सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं मान रहे हैं।

इस बार 100 से अधिक दुकानें लगने का अनुमान है। नगर निगम द्वारा लॉटरी के जरिए दुकानों का आवंटन व्यवसायियों को किया जाएगा। पिछली बार प्रत्येक दुकानदार से निगम द्वारा भूमि शुल्क और अन्य सुविधाओं के लिए 1700 रुपए लिए गए थे। इस बार यह राशि बढ़ने की संभावना है। शहर से दो किमी दूर पटाखा बाजार लगाए जाने को लेकर कुछ व्यवसायियों में नाराजगी देखी जा रही है। इनका कहना है कि दूरी अधिक होने के कारण व्यवसाय प्रभावित होगा। बताया जाता है कि आईटीआई कॉलेज मैदान से कुछ ही दूरी पर बस्ती और पेट्रोल पंप भी है।